Summer express/शिमला/संजू-:हिमाचल प्रदेश में सोशल मीडिया पर सरकार के खिलाफ की जा रही टिप्पणियों को लेकर राजनीतिक विवाद गहराता जा रहा है। पूर्व कांग्रेस सरकार में एडिशनल एडवोकेट जनरल रहे विनय शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विनय शर्मा का कहना है कि सरकार सोशल मीडिया पर उठने वाली आलोचनात्मक आवाजों को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और मुख्यमंत्री के खिलाफ पोस्ट करने वालों पर एफआईआर दर्ज की जा रही हैं, सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक करवाए जा रहे हैं और पुलिस मोबाइल फोन तक जब्त कर रही है।
विनय शर्मा ने आरोप लगाया कि हिमाचल प्रदेश सरकार सोशल मीडिया पर सरकार की आलोचना करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को प्रभावित कर रही है। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पोस्ट और टिप्पणियों को आधार बनाकर लोगों के खिलाफ शिकायतें दी जा रही हैं और एफआईआर दर्ज की जा रही हैं।विनय शर्मा के मुताबिक, इन मामलों में लोगों के सोशल मीडिया हैंडल ब्लॉक करवाने के साथ-साथ पुलिस उनके मोबाइल फोन भी जब्त कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं की शिकायतों पर मुख्यमंत्री के दबाव में पुलिस कार्रवाई कर रही है।उन्होंने विशेष रूप से शिमला के बालूगंज पुलिस थाने की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि सोशल मीडिया से जुड़े मामलों में इस थाने का इस्तेमाल सरकार एक टूल के रूप में कर रही है। विनय शर्मा के इन आरोपों ने प्रदेश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, सोशल मीडिया पर सरकारी आलोचना और पुलिस कार्रवाई को लेकर नई राजनीतिक बहस छेड़ दी है।