Summer express/राहुल चावला, धर्मशाला। धर्मशाला में श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। गुरुद्वारे में सुबह से ही संगत की भारी भीड़ उमड़ रही है। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने भी शिरकत की और सभी को गुरु पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी मानव जीवन के लिए उतनी ही प्रासंगिक हैं, जितनी सदियों पहले थीं। यदि व्यक्ति उनके बताए मार्ग पर चले तो जीवन की अनेक परेशानियों का समाधान स्वयं ही मिल सकता है।
सुधीर शर्मा ने कहा कि इस बार धर्मशाला गुरुद्वारे में प्रकाश पर्व को विशेष स्तर पर मनाया जा रहा है। हर वर्ष संगत की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है, जो समाज में धार्मिक और आध्यात्मिक जुड़ाव का प्रतीक है। इस बार आयोजन को खास बनाते हुए पहली बार शाम के समय आतिशबाजी भी की जाएगी।उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी ने हमेशा मानवता, प्रेम, समानता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया। आज के दौर में जहां लोगों में धैर्य और सहनशीलता की कमी देखने को मिल रही है, वहीं गुरु साहिब की शिक्षाएं समाज को एक नई दिशा देने का काम कर सकती हैं।विधायक ने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि पंजाब यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के समय से ही उनका सिख समाज के साथ गहरा जुड़ाव रहा है। गुरुद्वारे में जाना और गुरबाणी का सिमरन करना उन्हें हमेशा आध्यात्मिक प्रेरणा देता रहा है। उन्होंने कामना की कि गुरु नानक देव जी का आशीर्वाद सभी पर बना रहे और समाज में प्रेम, सद्भाव तथा भाईचारे की भावना निरंतर मजबूत होती रहे।