Summer express, अमरावती। आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच लोगों की जान चली गई। भोगपुरम टोल गेट के पास सड़क किनारे खड़ी लॉरी से एक एसयूवी कार टकरा गई। हादसे के समय कार में सवार सभी लोग मंदिर में दर्शन करने के बाद लौट रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल पांचवें व्यक्ति की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 7:30 बजे हुई। विजयनगरम के पुलिस अधीक्षक एआर दामोदर ने बताया कि भोगपुरम टोल गेट के नजदीक एसयूवी सड़क किनारे खड़ी लॉरी से जा भिड़ी। हादसे में कार सवार चार लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ था। उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि वाहन चालक को थकान के कारण झपकी आ गई होगी, जिसके चलते कार अनियंत्रित होकर खड़ी लॉरी से टकरा गई। हालांकि, पुलिस ने अभी हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं की है। दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि लॉरी सड़क किनारे किस स्थिति में खड़ी थी और क्या उसके चालक की ओर से कोई लापरवाही बरती गई थी। इसके अलावा, कार के टोल प्लाजा से गुजरने का समय जानने के लिए टोल गेट के रिकॉर्ड भी खंगाले जाएंगे। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
हादसे पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने दुख जताया है। उन्होंने मंगलवार को विजयनगरम, विशाखापत्तनम और पलनाडु जिलों में हुई तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बातचीत कर घटनाओं की जानकारी ली और संबंधित जिला प्रशासन, पुलिस तथा परिवहन विभाग को दुर्घटनाओं के कारणों की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाने को भी कहा।
इसी बीच विशाखापत्तनम जिले के भटलाजंगलपालेम टोल गेट पर एक अन्य हादसा हुआ। यहां एक लॉरी में आग लग गई, जिसमें चालक और क्लीनर केबिन के अंदर फंस गए। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि दोनों की आग में जलने से मौत हो गई।
वहीं, पलनाडु जिले के क्रोसुरु मंडल में अयप्पा श्रद्धालुओं की कार नहर में गिर गई। इस दुर्घटना में दो श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि चालक को झपकी आने के कारण वाहन से नियंत्रण खो गया और कार नहर में जा गिरी। कार सवार अमरावती में दर्शन कर लौट रहे थे।