Summer express, गुरदासपुर। गुरदासपुर में बरियार बाईपास के पास स्थित होटल गोल्डन पॉम के बाहर देर रात बाइक सवार दो युवकों ने हवाई फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन गोली चलने की आवाज से आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक होटल गोल्डन पॉम के बाहर पहुंचे और हवा में दो गोलियां चलाईं। इसके बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। फायरिंग की आवाज सुनकर एक दुकानदार ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके। फिलहाल फायरिंग के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले बरियार चौक से कुछ दूरी पर पुलिस कर्मचारी विनोद कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। ऐसे में उसी क्षेत्र के नजदीक दोबारा फायरिंग की घटना से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के कारण इलाके में भय का माहौल बना हुआ है।