Summer express,बहादुरगढ़। शहर की कुबेर कॉलोनी में शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग ने एक परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। घुड़चढ़ी की रस्म के दौरान चलाई गई गोली दूल्हे की 30 वर्षीय बहन मनीषा के सिर में जा लगी, जिससे उसकी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मनीषा को परिजन तुरंत बहादुरगढ़ के ट्रामा सेंटर लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, कुबेर कॉलोनी निवासी अमनदीप की शादी का समारोह चल रहा था।शाम घुड़चढ़ी की रस्म के दौरान दूल्हे के एक दोस्त ने कथित तौर पर हर्ष फायरिंग कर दी। इसी दौरान चली गोली वहां मौजूद मनीषा के सिर में जा लगी। गोली लगते ही समारोह में अफरा-तफरी मच गई और परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतका मनीषा की शादी रेवाड़ी में हुई थी और वह दो बच्चों की मां थी। भाई की शादी में शामिल होने आई मनीषा को इस तरह अपनी जान गंवानी पड़ी। घटना के बाद शादी समारोह में शामिल लोगों में शोक और दहशत का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही एसीपी प्रदीप नैन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय थाना पुलिस के अलावा सीआईए की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। जांच में हर्ष फायरिंग करने वाले युवक की भूमिका और गोली चलने की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर शादी समारोहों में हथियारों के इस्तेमाल और हर्ष फायरिंग से होने वाले जानलेवा हादसों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और गोली चलाने वाले युवक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।