Hamirpur, Arvind
बड़सर के विधायक इंद्रदत्त लखनपाल ने हाल ही में उनके आवास के बाहर हुई देररात की एक घटना पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि कुछ नशे में धुत लोगों ने उनके घर के बाहर आकर हुड़दंग किया, लेकिन सोशल मीडिया पर उन्हें इस घटना से जोड़कर बेवजह बदनाम किया जा रहा है।
विधायक लखनपाल ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह एक आपसी झगड़े का मामला था, जिससे उनका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी भी किसी प्रकार की मारपीट या हिंसा को बढ़ावा नहीं दिया, बल्कि हमेशा लोगों को संयम और समझदारी से काम लेने की सलाह दी है।
विधायक ने कहा, “जो लोग मेरे खिलाफ सोशल मीडिया पर बातें फैला रहे हैं, वे मेरी ही पार्टी के लोग हैं। समझ नहीं आता कि वे ऐसा क्यों कर रहे हैं। मैं इस मामले में पूरी तरह निर्दोष हूं।”लखनपाल ने यह भी बताया कि अब तक उन्होंने इस मामले की कोई शिकायत पुलिस को नहीं दी है और ना ही पुलिस की ओर से उनसे कोई संपर्क किया गया है।उन्होंने इसे एक सुनियोजित साजिश करार दिया और कहा कि कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहे हैं।