Summer express, राकेश, ऊना। हिमाचल प्रदेश के होमगार्ड विभाग की ओर से 6 दिसंबर को मुबारिकपुर में प्रदेश स्तरीय पासिंग आउट परेड और बैंड प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह के दौरान बुनियादी प्रशिक्षण पूरा कर चुके 697 नवनियुक्त होमगार्ड जवानों की पासिंग आउट परेड आयोजित की जाएगी। जवानों को विधिवत शपथ भी दिलाई जाएगी।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर डिप्टी कमांडेंट जनरल, होमगार्ड्स शिमला ने ऊना में प्रेस वार्ता कर आयोजन की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी 697 जवान अपना बेसिक प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा कर चुके हैं। पासिंग आउट परेड के दौरान जवान प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए कौशल, अनुशासन और शारीरिक दक्षता का प्रदर्शन करेंगे। इस समारोह के बाद ये जवान औपचारिक रूप से अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार होंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्य समारोह से पहले विभाग की ओर से कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी शामिल हैं। जवानों के बीच वॉलीबॉल प्रतियोगिता करवाई जाएगी। इन आयोजनों का उद्देश्य जवानों में आपसी तालमेल, अनुशासन और खेल भावना को मजबूत करना है।
डिप्टी कमांडेंट जनरल के अनुसार, 3 दिसंबर को प्रदेश स्तरीय बैंड प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें हिमाचल प्रदेश की सभी 12 होमगार्ड बटालियनों के बैंड हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में बैंड की प्रस्तुतियों और प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले बैंड को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री सम्मानित करेंगे। वह इस कार्यक्रम में विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
उन्होंने कहा कि 3 दिसंबर की बैंड प्रतियोगिता से लेकर 6 दिसंबर की पासिंग आउट परेड तक आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में होमगार्ड विभाग की कार्यक्षमता, अनुशासन और संगठनात्मक एकजुटता देखने को मिलेगी। विभाग की ओर से पूरे आयोजन को सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।