Summer express, संजीव महाजन, नूरपुर। गांवों के समग्र विकास के लिए ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी बेहद जरूरी है। ग्राम सभा की बैठकें केवल औपचारिक आयोजन नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से गांव की समस्याओं को सामने रखने और विकास कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने का अवसर मिलता है। इसलिए प्रत्येक ग्रामीण को अपनी ग्राम पंचायत में आयोजित होने वाली ग्राम सभा की बैठकों में अनिवार्य रूप से भाग लेना चाहिए। यह अपील खंड विकास अधिकारी नूरपुर अशोक कुमार ने क्षेत्र के लोगों से की है।
अशोक कुमार ने कहा कि ग्राम सभा में ग्रामीण अपने गांव की समस्याएं खुलकर रख सकते हैं और विकास कार्यों को लेकर सुझाव दे सकते हैं। पंचायत क्षेत्र में किन कार्यों की आवश्यकता है और किन समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाना चाहिए, इसकी रूपरेखा तैयार करने में ग्राम सभा की अहम भूमिका रहती है। ग्रामीणों की भागीदारी से ही स्थानीय जरूरतों के अनुसार विकास योजनाओं का चयन संभव हो पाता है।
उन्होंने बताया कि पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करने, नए कार्यों को मंजूरी देने और सड़क, पेयजल, स्वच्छता, रास्तों सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा करने के लिए ग्राम सभा एक महत्वपूर्ण मंच है। ग्रामीणों को केवल विकास कार्यों की मांग करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि बैठकों में शामिल होकर विकास प्रक्रिया में अपनी भूमिका भी निभानी चाहिए।
खंड विकास अधिकारी ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से पंचायत क्षेत्रों में विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने और क्षेत्र की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीणों का सहयोग आवश्यक है। ग्राम सभा की बैठकों में अधिक से अधिक लोगों की उपस्थिति से पंचायतों के कामकाज में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ती है।
उन्होंने सभी पंचायतवासियों से आग्रह किया कि वे ग्राम सभा की बैठकों को गंभीरता से लें, अपनी समस्याएं और सुझाव सामने रखें तथा गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं।