Summer express, फतेहाबाद। राज्य सतर्कता ब्यूरो (विजिलेंस) की टीम ने रतिया में कार्रवाई करते हुए खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के फूड सप्लाई इंस्पेक्टर यादविंदर गिल सहित तीन कर्मचारियों को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपियों में एक असिस्टेंट भी शामिल है। विजिलेंस ने यह कार्रवाई गांव पिलछियां के एक राइस मिल संचालक की शिकायत पर की। यादविंदर गिल को पूर्व सांसद आत्मा सिंह गिल का पोता बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पिलछियां गांव के एक राइस मिल संचालक ने विजिलेंस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि मिल की क्षमता बढ़ाने की प्रक्रिया के लिए फूड सप्लाई इंस्पेक्टर यादविंदर गिल और विभाग के अन्य कर्मचारी उनसे एक लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। शिकायत मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने मामले की जांच की और आरोपों की पुष्टि होने पर आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया।
शिकायतकर्ता को तय योजना के अनुसार रिश्वत की रकम देने के लिए भेजा गया। जैसे ही आरोपियों ने एक लाख रुपये की राशि ली, पहले से तैयार विजिलेंस टीम ने मौके पर छापा मारकर तीनों कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से खाद्य एवं आपूर्ति विभाग में हलचल मच गई।
कार्रवाई का नेतृत्व करने वाले फतेहाबाद विजिलेंस टीम के इंस्पेक्टर मनमोहन सिंह ने बताया कि पिलछियां के शेलर संचालक से एक लाख रुपये की रिश्वत लेने के मामले में फूड सप्लाई इंस्पेक्टर यादविंदर गिल, एक असिस्टेंट सहित कुल तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।