अशवनी पाहवा | लुधियाना
समर न्यूज
महानगर के नवनियुक्त पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने शनिवार को विधिवत रूप से अपना कार्यभार संभाल लिया। पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय पहुंचने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और पुलिस टीम की ओर से उनका स्वागत किया गया।
इस दौरान पुलिस की विशेष टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए अपनी प्राथमिकताओं और आगामी कार्ययोजना को स्पष्ट किया। उन्होंने कहा कि लुधियाना में नशा तस्करी और आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ-साथ आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना पैदा करना उनकी प्रमुख प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने शहरवासियों से पुलिस प्रशासन को सहयोग देने की अपील भी की। पुलिस कमिश्नर ने शहरवासियों को भरोसा दिलाया कि पुलिस प्रशासन पूरी ईमानदारी, मेहनत और लगन से काम करेगा। पुलिस की कार्रवाई केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि उसका असर जमीनी स्तर पर दिखाई दे।
पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री और डीजीपी पंजाब की ओर से प्रदेश को नशा मुक्त और अपराध मुक्त बनाने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के अनुरूप लुधियाना कमिश्नरेट में भी नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तरह के अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि लुधियाना पुलिस की टीम पहले से ही बेहतर काम कर रही है। अब सभी अधिकारियों और पुलिस कर्मचारियों के साथ मिलकर अपराध नियंत्रण और नशे के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाया जाएगा। इसके लिए पुलिस की कार्यप्रणाली में आपसी तालमेल और जवाबदेही को भी महत्व दिया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि नशा तस्करी से जुड़े नेटवर्क को तोड़ने के साथ-साथ आपराधिक गतिविधियों पर भी प्रभावी अंकुश लगाया जाए।
{पंजाब पुलिस का इतिहास कुर्बानियों से भरा: सीपी ने कहा कि पंजाब पुलिस का इतिहास कुर्बानियों से भरा हुआ है। आतंकवाद के कठिन दौर में पुलिस के जवानों ने अपनी जान की परवाह किए बिना प्रदेश में शांति स्थापित करने के लिए अहम भूमिका निभाई थी। अनेक पुलिस कर्मियों ने शहादत देकर पंजाब को उस दौर से बाहर निकालने में योगदान दिया। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग आज भी उसी समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहा है। उन्होंने कहा कि लुधियाना पुलिस के पास अनुभवी अधिकारियों और काबिल जवानों की मजबूत टीम है। यदि आम जनता का सहयोग भी मिले तो शहर की कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकता है। पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उनका प्रयास रहेगा कि शहर का प्रत्येक नागरिक खुद को सुरक्षित महसूस करे और किसी भी परेशानी की स्थिति में बिना झिझक पुलिस तक अपनी बात पहुंचा सके।
{थानों के कामकाज और पुलिस व्यवस्था का करेंगे आकलन: शहर के विभिन्न पुलिस थानों में पुलिस बल की तैनाती और आगामी कार्ययोजना को लेकर पूछे गए सवाल पर सतिंदर सिंह ने कहा कि उन्हें कार्यभार संभाले अभी कुछ ही समय हुआ है। इसलिए सबसे पहले कमिश्नरेट की मौजूदा व्यवस्थाओं, पुलिस थानों की कार्यप्रणाली और जमीनी स्तर पर पुलिसिंग का आकलन किया जाएगा। जहां भी जरूरत महसूस होगी, वहां उचित कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पुलिस का काम केवल मामले दर्ज करना नहीं, बल्कि लोगों को समय पर राहत देना और अपराध होने से रोकना भी है। थानों में आने वाले लोगों की शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस कर्मचारियों की कार्यकुशलता बढ़ाने और व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए भी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।