सोनीपत | हरियाणा के युवाओं और ऑटोमोबाइल क्षेत्र में करियर तलाश रहे लोगों के लिए बड़ी खुशखबरी है। सोनीपत के खरखौदा स्थित इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप (IMT) अब प्रदेश का नया ऑटोमोबाइल हब बनने की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। मारूति के बाद अब जापान की दिग्गज कंपनी सुजुकी ने भी यहां अपने टू-व्हीलर निर्माण प्लांट की शुरुआत की तैयारियां शुरू कर दी हैं।
सुजुकी ने IMT खरखौदा में 100 एकड़ जमीन खरीदी है और अब इस पर निर्माण कार्य जल्द शुरू होने वाला है। फिलहाल पहले चरण में साइट पर सफाई का काम पूरा हो चुका है और भूमि पूजन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। यह प्लांट पूरी तरह से टू-व्हीलर वाहनों के निर्माण पर केंद्रित होगा।
मारूति के बाद दूसरा सबसे बड़ा निवेश
खरखौदा IMT में यह सुजुकी का हरियाणा में दूसरा सबसे बड़ा ऑटोमोबाइल निवेश माना जा रहा है। जहां मारूति 800 एकड़ में अपना मेगा प्लांट बना रही है, वहीं सुजुकी का प्लांट 100 एकड़ में तैयार किया जाएगा। इसके अलावा, यूनो मिंडा कंपनी भी 95 एकड़ में अपना ऑटो कंपोनेंट प्लांट बना रही है, जो पहले से निर्माणाधीन है।
रोजगार और विकास की नई राह
HSIIDC के एस्टेट अधिकारी नरेश रोहिल्ला ने बताया कि सुजुकी ने प्लांट निर्माण के लिए बुनियादी ढांचे पर काम शुरू कर दिया है और आने वाले महीनों में निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि खरखौदा IMT अब ऑटोमोबाइल सेक्टर का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है।
इस औद्योगिक विकास से हजारों युवाओं को रोजगार मिलने की संभावना है और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी जबरदस्त गति मिलेगी। इससे साफ है कि हरियाणा आने वाले समय में ऑटो सेक्टर में एक मजबूत पहचान बनाने जा रहा है।