हरियाणा | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग 26 और 27 जुलाई को ग्रुप-C पदों के लिए कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) आयोजित कर रहा है। इस परीक्षा के लिए करीब 13.5 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया है, जिसको देखते हुए राज्यभर में अभूतपूर्व सुरक्षा इंतज़ाम किए गए हैं।
सुरक्षा के व्यापक इंतज़ाम
हरियाणा पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने सभी जिलों के पुलिस आयुक्तों और अधीक्षकों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर सख्त निर्देश दिए हैं कि परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो।
- परीक्षा केंद्रों के 500 मीटर के दायरे में धारा 163 BNSS लागू रहेगी।
- हर जिले में ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की जा रही है।
- सभी DC और SP एक दिन पहले केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।
यात्रियों की भीड़ को देखते हुए ट्रैफिक प्लान तैयार
परीक्षार्थियों के आने-जाने के लिए बसों और ट्रेनों से पहुंचने की संभावना को देखते हुए स्टेशनों से परीक्षा केंद्रों तक भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की तैनाती होगी।
शहरों में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग की जाएगी, जो परीक्षा खत्म होने तक जारी रहेगी।
यह परीक्षा प्रदेश के युवाओं के लिए एक बड़ा मौका है और प्रशासन इसे पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहा है।