Shimla-हिमाचल प्रदेश में इस बार मानसून ने समय से पहले दस्तक दे दी है। शुक्रवार को दक्षिण-पश्चिमी मानसून ने शिमला, किन्नौर, सिरमौर और मंडी के कुछ क्षेत्रों में प्रवेश कर लिया। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दो-तीन दिनों में पूरे प्रदेश में मानसून पूरी तरह से सक्रिय हो जाएगा। मानसून की शुरुआत के साथ ही कई इलाकों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया है। पर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश के चलते भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों और पर्यटकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक शोभित कटियार ने जानकारी दी कि प्रदेश में मानसून सक्रिय हो चुका है और कई स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि 22 और 23 जून को ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और सिरमौर में भारी बारिश की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शिमला, सोलन और मंडी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग ने लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की अपील की है और नदी-नालों से दूरी बनाए रखने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में न जाने की सलाह दी है।