कैथल | हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने सोमवार शाम एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रोडवेज के हैवी ड्राइविंग ट्रेनिंग स्कूल में तैनात ट्रेनर चालक हाकम सिंह को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी ने ड्राइविंग टेस्ट पास करवाने के बदले में एक युवक से ₹3000 की मांग की थी।
सूत्रों के मुताबिक, गांव बात्ता निवासी अंकुश ने सोमवार दोपहर 3 बजे एंटी करप्शन ब्यूरो, कैथल को लिखित शिकायत सौंपी थी। इसके बाद सिंचाई विभाग के एक्सियन निशांत बतान को ड्यूटी मैजिस्ट्रेट नियुक्त कर बस स्टैंड कैथल पर रेड की योजना बनाई गई। शाम करीब 4:30 बजे जैसे ही हाकम सिंह ने अंकुश से रिश्वत के पैसे लिए, टीम ने मौके पर ही उसे धर दबोचा।
अंकुश ने बताया कि उसने 24 जून को हरियाणा रोडवेज हैवी लाइसेंस ट्रेनिंग स्कूल में दाखिला लिया था। 2 जुलाई को उसे हाकम सिंह का फोन आया, जिसमें ₹3000 की डिमांड की गई और धमकी दी गई कि अगर पैसे नहीं दिए तो ड्राइविंग टेस्ट में फेल कर दिया जाएगा।
शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि एक अन्य ट्रेनर जोरा सिंह ने भी फोन कर कहा था कि “यह तो सामान्य प्रक्रिया है, हमें ऊपर तक पैसे देने पड़ते हैं।”
इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि टीम ने योजना के मुताबिक रेड कर आरोपी हाकम सिंह को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया है। मामले में दूसरे कर्मचारी जोरा सिंह की भूमिका की भी जांच की जा रही है।