गुड़गांव | राधिका हत्याकांड में तीसरे दिन बड़ा मोड़ आ गया है। आरोपी दीपक के भाई विजय ने मीडिया के सामने आकर जो बातें बताईं, उसने पूरे मामले को नई दिशा दे दी है। विजय का दावा है कि राधिका की हत्या के तुरंत बाद जब वह दीपक से मिला, तो उसने खुद कहा—”मैंने कन्या वध किया है, मुझे फांसी होनी चाहिए।”
हालांकि दीपक ने हत्या की असली वजह साफ नहीं बताई, लेकिन विजय ने पुलिस की “टेनिस एकेडमी बंद होने की थ्योरी” को पूरी तरह खारिज कर दिया। विजय ने कहा कि जिस एकेडमी को लेकर बातें की जा रही हैं, वह कभी थी ही नहीं। राधिका सिर्फ कोचिंग लेती थी, वो एक अच्छी टेनिस खिलाड़ी थी।
3 करोड़ खर्च, सपना था स्टार बनाना
विजय ने बताया कि दीपक ने राधिका को टेनिस में आगे बढ़ाने के लिए लगभग 3 करोड़ रुपये खर्च किए थे। वह कहता था, “जब बेटी का नाम रोशन होगा, तभी मेरा नाम भी होगा।” दीपक उसे खुद गाड़ी से लेकर जाता था जब तक वह चलाना नहीं सीख गई थी।
मॉडलिंग और रील्स को लेकर खुलासे
विजय ने बताया कि राधिका मॉडलिंग में भी रुचि रखती थी। एक पुरानी रील की चर्चा पर उन्होंने कहा कि वह माता-पिता की सहमति से दो साल पहले बनाई गई थी। राधिका को मॉडलिंग के ऑफर भी आए थे, लेकिन उसने मना कर दिया क्योंकि दीपक चाहता था कि वह पहले टेनिस में करियर बनाए।
हत्या की असली वजह अभी भी रहस्य
विजय के बयान के बाद पुलिस की थ्योरी पर सवाल खड़े हो रहे हैं। असली वजह क्या है—अभी तक साफ नहीं है। पुलिस रिमांड में क्या नए तथ्य सामने आए, इसका खुलासा भी नहीं किया गया है। मामला अब कई परतों में उलझता जा रहा है, और जांच से जुड़े हर अपडेट पर सबकी निगाहें टिकी हैं।