मुजफ्फरनगर | उत्तर प्रदेश STF को सोमवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र में हुए एनकाउंटर में कुख्यात अपराधी और संजीव जीवा गैंग के खास शूटर शाहरुख पठान को ढेर कर दिया गया। शाहरुख पर 1 लाख रुपए का इनाम था और वह हत्या, गैंगस्टर एक्ट, रंगदारी और साजिश जैसे गंभीर मामलों में वांछित था।
STF को लंबे समय से शाहरुख की तलाश थी। वह 2017 में व्यापारी गोल्डी की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पा चुका था, लेकिन जमानत पर बाहर आने के बाद फिर से अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया था। बताया जा रहा है कि उसने गवाहों को धमकाने से लेकर हत्या की कोशिश तक कई वारदातों को अंजाम दिया।
एनकाउंटर के बाद STF ने उसके पास से विदेशी पिस्टल, भारी मात्रा में कारतूस और एक ब्रेजा कार बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, शाहरुख संजीव जीवा और मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़ा हुआ था और बेहद शातिर अंदाज में काम करता था। उसकी मौत से गैंग की बड़ी साजिशें ध्वस्त हो गई हैं।