भिवानी | भिवानी में आयोजित राज्य स्तरीय महाराजा दक्ष प्रजापति जयंती समारोह में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ऐसी घोषणाएं कीं, जिनसे सियासी हलकों में हलचल मच गई है। मिट्टी से बर्तन बनाने की पारंपरिक कला को “हरियाणा की अमूल्य धरोहर” बताते हुए CM सैनी ने प्रजापति समाज को जमीन से लेकर सब्सिडी और योजनाओं का बड़ा पैकेज सौंपा।
मुख्यमंत्री ने 234.38 करोड़ रुपये की 19 परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया, जिनमें सड़क, मंडी, स्वास्थ्य और धर्मशालाओं के काम शामिल हैं। साथ ही, 2000 गांवों में प्रजापति समाज को पंचायती जमीन देने की घोषणा की गई ताकि मिट्टी के बर्तनों के लिए कच्चा माल आसानी से मिले।
CM ने ‘हरियाणा ग्रामीण औद्योगिक योजना’ के तहत प्रजापति समाज को व्यवसाय के लिए पूंजीगत व ब्याज सब्सिडी देने का वादा भी किया। इसके अलावा, धर्मशालाओं के लिए 1.29 करोड़ रुपये और विभिन्न गांवों में 21 करोड़ के विकास कार्यों की भी घोषणा की गई।
क्या यह ऐलान समाज के सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कदम है या चुनावी समीकरण साधने की चाल? 6 अगस्त को होने वाली अगली कार्रवाई से और भी कई परतें खुल सकती हैं।