बीजिंग | क्षेत्रीय सुरक्षा और मानवाधिकारों जैसे संवेदनशील मुद्दों पर मतभेदों के बावजूद, चीन और ऑस्ट्रेलिया ने व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करने पर सहमति जताई है। बीजिंग में मंगलवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक में चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ आमने-सामने हुए।
शी चिनफिंग ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि, “मतभेदों को किनारे रखकर समानता के बिंदुओं पर काम करना दोनों देशों के हित में है।” प्रधानमंत्री अल्बनीज़ ने भी इस पर सहमति जताते हुए कहा कि यह दृष्टिकोण चीन और ऑस्ट्रेलिया के लिए सकारात्मक परिणाम लेकर आया है।
ऑस्ट्रेलिया की अर्थव्यवस्था लोहे के अयस्क जैसे खनिजों के निर्यात पर काफी हद तक चीन पर निर्भर है। वहीं, वह अमेरिका के साथ मिलकर चीन के मानवाधिकार रिकॉर्ड और प्रशांत क्षेत्र में सैन्य गतिविधियों को लेकर चिंता भी साझा करता है।
अल्बनीज़ ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया व्यापार को विविध बनाने के लिए इंडोनेशिया और सिंगापुर जैसे देशों से भी संबंध मज़बूत कर रहा है। उनकी एक सप्ताह की चीन यात्रा की शुरुआत शंघाई से हुई, जहां पर्यटन और इस्पात उत्पादन में कार्बन उत्सर्जन घटाने जैसे मुद्दों पर सहयोग की बात हुई।