Mandi, Dharamveer
प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सरकार से मांग की है कि हाल ही में आई आपदा के मद्देनज़र राहत पैकेज को शीघ्र जारी किया जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता मिल सके। उन्होंने यह बात सराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग में जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद कही।
जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्ष 2023 में भी सरकार की ओर से राहत पैकेज दिया गया था, लेकिन कई पात्र परिवार उस समय भी वंचित रह गए थे, और कई को केवल एक ही किस्त मिल पाई थी। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि इस बार ऐसी चूक न हो, क्योंकि इस बार नुकसान कहीं अधिक हुआ है।नेता प्रतिपक्ष ने सराज, करसोग, नाचन और धर्मपुर क्षेत्रों में विघटनकारी क्षति का हवाला देते हुए, प्रभावित परिवारों को घर बनाने के लिए 7 लाख रुपये की आर्थिक सहायता शीघ्र देने की मांग की।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार फौरी राहत (इमर्जेंसी सहायता) देने में भी देरी कर रही है। कई क्षेत्रों में अभी तक प्रशासन नहीं पहुंचा है और जो मदद दी गई है वह नाममात्र की है। उन्होंने कहा, “फौरी राहत का अर्थ ही है तुरंत मदद, लेकिन सरकार इसमें भी सुस्ती दिखा रही है।”
जयराम ठाकुर ने सरकार से अपील की कि फौरी राहत की राशि बढ़ाई जाए, और दूर-दराज़ के इलाकों में जाकर नुकसान का उचित आंकलन कर त्वरित सहायता पहुंचाई जाए।
बैठक में बने आगामी राहत कार्यों के रोडमैप
इससे पहले उन्होंने थुनाग में सराज क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आगे की राहत रणनीति बनाई, जिससे अधिक से अधिक प्रभावितों तक राहत सामग्री और मदद समय पर पहुंचाई जा सके।