Bilaspur, Subhash
केंद्रीय विद्यालय घुमारवीं के भवन को असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद अब विद्यालय की कक्षाएं अस्थायी रूप से पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक छात्र पाठशाला घुमारवीं में संचालित की जाएंगी। इस उद्देश्य से आठ कमरों का चयन किया गया है।
गुरुवार को अतिरिक्त उपायुक्त ओमकांत ठाकुर, एसडीएम गौरव चौधरी और उपनिदेशक उच्च शिक्षा ने संयुक्त रूप से छात्र पाठशाला परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद आठ कक्षाएं केंद्रीय विद्यालय के लिए उपयुक्त पाई गईं।
एडीसी ठाकुर ने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि सभी प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर कक्षाएं जल्द शुरू करवाई जाएं, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित न हो और उन्हें सुरक्षित व अनुकूल वातावरण मिल सके।जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए इस पूरी प्रक्रिया में शिक्षा विभाग को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है।