हरियाणा | हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने ग्रुप-C भर्ती के लिए कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET) के एडमिट कार्ड जारी कर दिए हैं। उम्मीदवार अब cet2025groupc.hryssc.com पर जाकर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं और परीक्षा केंद्र की जानकारी ले सकते हैं। इसकी जानकारी आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) के जरिए दी।
26 और 27 जुलाई को होगी परीक्षा
CET परीक्षा 26 और 27 जुलाई को आयोजित की जाएगी। इस दौरान प्रदेश के सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। चूंकि 27 जुलाई रविवार है, इसलिए 26 जुलाई यानी शनिवार को विशेष अवकाश घोषित किया गया है।
13 लाख से ज्यादा आवेदन, 1,350 परीक्षा केंद्र
इस भर्ती परीक्षा के लिए कुल 13 लाख 47 हजार उम्मीदवारों ने आवेदन किया है। परीक्षा को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए राज्य भर में 1,350 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
महिला अभ्यर्थियों को विशेष सुविधा
सरकार ने महिला उम्मीदवारों के लिए एक खास पहल की है। महिला कैंडिडेट्स के साथ उनके परिवार का एक सदस्य भी परीक्षा केंद्र तक मुफ्त यात्रा कर सकेगा। सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्र तक लाने और ले जाने के लिए रोडवेज की ओर से मुफ्त बस सेवा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।
यह परीक्षा न सिर्फ बड़ी संख्या में युवाओं के लिए रोजगार का मौका है, बल्कि राज्य के प्रशासनिक ढांचे में नई ऊर्जा भी भरने जा रही है।