अमृतसर | श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने सोने की तस्करी की बड़ी कोशिश को नाकाम करते हुए दो यात्रियों को हिरासत में लिया है। दोनों आरोपी कोलकाता से इंडिगो की फ्लाइट से अमृतसर पहुंचे थे और उनके पास से करीब 968.47 ग्राम सोना बरामद किया गया, जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी गई है।
कस्टम अधिकारियों को यात्रियों की गतिविधियों पर शक हुआ, जिसके बाद तलाशी में सोना बरामद हुआ। आरोपी इसे बेहद शातिर तरीके से छिपाकर लाए थे। अधिकारियों का कहना है कि इस जब्ती को अमृतसर एयरपोर्ट पर अब तक की सबसे बड़ी जब्तियों में से एक माना जा रहा है।
गौरतलब है कि बीते कुछ महीनों में अमृतसर एयरपोर्ट पर तस्करी की घटनाओं में इजाफा हुआ है। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस तस्करी के पीछे कौन सा नेटवर्क सक्रिय है।