अमृतसर | पंजाब में धार्मिक स्थल श्री दरबार साहिब को लगातार मिल रही धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। SGPC (शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी) को देर रात एक बार फिर धमकी भरा ई-मेल मिला है। यह इस तरह की 8वीं घटना है, जिसने पुलिस और खुफिया एजेंसियों को सतर्क कर दिया है।
धमकी मिलने के तुरंत बाद SGPC ने संबंधित सुरक्षा एजेंसियों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद दरबार साहिब की सुरक्षा और कड़ी कर दी गई है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और साइबर क्राइम यूनिट भी एक्टिव हो चुकी है।
इससे पहले पुलिस ने फरीदाबाद से शुभम दुबे को हिरासत में लिया था और उससे पूछताछ की जा रही है। लेकिन उसकी गिरफ्तारी के बावजूद ई-मेल आने का सिलसिला थमा नहीं, जिससे मामले में एक बड़े नेटवर्क या संगठित साजिश की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह सिर्फ किसी एक व्यक्ति की करतूत नहीं हो सकती। अब एजेंसियां इस एंगल से जांच कर रही हैं कि कहीं इसके पीछे कोई आतंकी लिंक या बड़ी एजेंसी तो नहीं है।
इस ताजा घटनाक्रम ने पूरे पंजाब में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं, और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर सरकार पर दबाव बढ़ गया है।