हरियाणा | हरियाणा में CET परीक्षा 2025 का आयोजन HSSC (हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग) द्वारा 26 और 27 जुलाई को किया जाएगा। यह परीक्षा ग्रुप-C के पदों के लिए आयोजित की जाएगी। अभ्यर्थियों की भारी संख्या को देखते हुए आयोग ने यह परीक्षा दो दिनों में और दो शिफ्टों में कराने का फैसला लिया है।
परीक्षा से पहले HSSC चेयरमैन हिम्मत सिंह ने एक अहम घोषणा की है। उन्होंने बताया कि 21 जुलाई 2025 को शाम 5 बजे वे यूट्यूब के माध्यम से अभ्यर्थियों से लाइव संवाद करेंगे। इस लाइव सेशन में वे उन सुझावों और समस्याओं पर चर्चा करेंगे जो हाल ही में एक गूगल फॉर्म के माध्यम से अभ्यर्थियों ने साझा किए थे।
हिम्मत सिंह ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा, “प्रिय अभ्यर्थियों, आपके सुझाव हमारे लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। गूगल फॉर्म के माध्यम से जो भी फीडबैक मिला है, उस पर मैं विस्तार से चर्चा करूंगा। कृपया तय समय पर लाइव जुड़ें।”
यह संवाद केवल उन्हीं मुद्दों पर केंद्रित होगा जो गूगल फॉर्म में आए सुझावों से संबंधित हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय पर जुड़कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान पाएं।