धुरी | मुख्यमंत्री भगवंत मान ने धुरी के युवाओं को बड़ी सौगात देते हुए रविवार को एक आधुनिक और तकनीक-सम्पन्न लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। करीब 1.59 करोड़ रुपये की लागत से बनी यह लाइब्रेरी न केवल पढ़ाई का केंद्र बनेगी, बल्कि युवाओं को इंटरनेशनल लेवल की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद करेगी।
सीएम मान ने इस मौके पर कहा कि उनका सपना है पंजाब को फिर से “रंगला पंजाब” बनाना, जहां हर युवा शिक्षित, सशक्त और नशे से दूर हो। इससे पहले उन्होंने बरनाला में 8 नई लाइब्रेरियां जनता को समर्पित की थीं।
मुख्यमंत्री ने यह भी ऐलान किया कि राज्य के हर गांव में खेल का मैदान बनाया जाएगा और स्वच्छ पेयजल की सुविधा पहुंचाई जाएगी। साथ ही नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा, “जो नशे का कारोबार कर रहे हैं, वे जाल में फंसेंगे, और मछलियां बड़ी होंगी।”
यह पहल मुख्यमंत्री के उस विजन का हिस्सा है, जिसमें पंजाब को शैक्षणिक, सामाजिक और खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ाने की योजना शामिल है।