सोनीपत | सोनीपत पुलिस की एंटी गैंगस्टर यूनिट को बड़ी सफलता मिली है। केएमपी एक्सप्रेसवे पर ट्रक चालकों को निशाना बनाने वाले लुटेरों के सरगना दानिश उर्फ गोलू को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसका इलाज नागरिक अस्पताल में चल रहा है।
दानिश, जो उत्तर प्रदेश का रहने वाला है, पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के मुताबिक, वह अब तक 12 से अधिक लूट की वारदातों को अंजाम दे चुका है। उसके पास से अवैध हथियार, मोबाइल और कारतूस बरामद हुए हैं।
ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
थाना कुंडली पुलिस ने पहले आरोपी सावेद को पकड़ा था। पूछताछ में उसने दानिश और उसके साथियों के बारे में खुलासा किया। पुलिस को सूचना मिली कि दानिश जखोली टोल के पास लूट की वारदात की योजना बना रहा है। जैसे ही पुलिस टीम ने उसे रोका, उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया।
3 लोगों का गिरोह था
पुलिस के अनुसार, दानिश अपने साथी सावेद और शहाबुद्दीन के साथ मिलकर हाईवे पर लूटपाट करता था। अब पुलिस इस गिरोह से जुड़ी अन्य कड़ियों की भी जांच कर रही है।