पानीपत | पानीपत के तहसील कैंप थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार बेकाबू इनोवा कार ने शनिवार देर रात जमकर तांडव मचाया। कॉलोनी की एक सड़क पर दौड़ती इनोवा कार कई घरों के बाहर बने सीमेंट के थड़ों को रौंदती चली गई। हादसा इतना जोरदार था कि कार कई जगह सीमेंट को तोड़ते हुए आखिर में खुद ही फंस गई और रुक गई।
धमाके जैसी आवाज सुनते ही कॉलोनी के लोग नींद से जागे और बाहर दौड़े। लोगों ने तुरंत कार में बैठे यात्रियों को बाहर निकाला। कार में एक महिला और एक बच्चा भी सवार थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
“थोड़ी देर और रुकते तो जान चली जाती”
स्थानीय निवासी अनिल ने बताया कि वह घर के बाहर ही बैठे थे। अगर कुछ पल और वहीं बैठे रहते, तो इनोवा कार उनके ऊपर चढ़ जाती। उन्होंने बताया कि चार से पांच घरों को नुकसान पहुंचा है। कार ड्राइवर के रवैये पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि वह बेहद अकड़ के साथ बात कर रहा था।
पुलिस को दी गई शिकायत
घटना के बाद कॉलोनी के लोगों ने सुबह पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को वहां से हटवाया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। जिन लोगों की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है, उन्होंने भी इस संबंध में थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
फिलहाल राहत की बात यह रही कि कोई व्यक्ति गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ, लेकिन कॉलोनी के लोग अब इस लापरवाही भरे ड्राइविंग से डरे हुए हैं।