24 July, 2025
पंजाबी सिनेमा की दिग्गज अदाकारा नीरू बाजवा एक बार फिर पर्दे पर अपने सांस्कृतिक मूल्यों और पंजाबियत की झलक लेकर आ रही हैं, इस बार बहुप्रतीक्षित फिल्म “सन ऑफ सरदार 2” में। यह फिल्म निर्देशक विजय कुमार अरोड़ा और लेखक जगदीप सिंह सिद्धू की रचनात्मक जोड़ी की एक और पेशकश है, जिनके साथ नीरू पहले भी कई हिट फिल्में कर चुकी हैं।
नीरू बाजवा ने इस फिल्म में कैमियो भूमिका के लिए हामी भरते हुए कहा, “विजय और जगदीप के साथ मेरा पुराना और खास रिश्ता है। जब मुझे पता चला कि ये दोनों फिल्म में छोटी भूमिकाओं में भी नज़र आएंगे, तो मैं भी तुरंत इस प्रोजेक्ट से जुड़ने को तैयार हो गई। यह मेरा प्यार है – न केवल उनके लिए बल्कि अजय देवगन जी के उस प्रयास के लिए भी, जिन्होंने पंजाबी फ्लेवर को बॉलीवुड के ज़रिए अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाया।”नीरू का मानना है कि पंजाबी सिनेमा की आत्मा उसकी संस्कृति, भाषा और परंपराओं में बसती है। वह कहती हैं, “मैं हमेशा से पंजाबी सिनेमा का हिस्सा रही हूं और हर किरदार में अपनी जड़ों की खुशबू लेकर आई हूं। आज जब पंजाबी टैलेंट को दुनियाभर में सराहा जा रहा है, तो यह हम सबके लिए गर्व की बात है।
करीब दो दशकों से अधिक के अभिनय अनुभव के साथ, नीरू बाजवा का “सन ऑफ सरदार 2” में जुड़ना न केवल उनके समर्पण का प्रतीक है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि वह आज भी पंजाबी सिनेमा की सच्ची प्रतिनिधि हैं।फिल्म को लेकर पहले से ही दर्शकों में उत्साह है, और नीरू बाजवा की उपस्थिति इसे और भी खास बना रही है। माना जा रहा है कि यह फिल्म न केवल बॉक्स ऑफिस पर धूम मचाएगी बल्कि दर्शकों के दिलों में भी एक खास जगह बनाएगी।