चंडीगढ़ | पंजाब सरकार ने दलित समुदाय की बेटियों की शादी के लिए चलाई जा रही “आशीर्वाद स्कीम” के तहत वर्ष 2025-26 में अब तक 4503 लाभार्थियों को 22.97 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता जारी की है। यह जानकारी सामाजिक न्याय, अधिकारिता और अल्पसंख्यक मामलों की मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने दी।
मंत्री के मुताबिक ये लाभार्थी अमृतसर, बरनाला, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर, होशियारपुर, मानसा, मुक्तसर, पटियाला, पठानकोट, रूपनगर, मोहाली, संगरूर, मालेरकोटला और तरनतारन जिलों से हैं। सबसे अधिक लाभार्थी अमृतसर (1268), होशियारपुर (668) और पटियाला (349) से सामने आए हैं।
डॉ. कौर ने बताया कि इस योजना के तहत पात्र परिवारों को बेटी की शादी पर ₹51,000 की राशि दी जाती है। आवेदन प्रक्रिया को आसान बनाते हुए सरकार ने इसके लिए एक ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया है, जिस पर कोई भी लाभार्थी विवाह की तारीख से एक महीने पहले और एक महीने बाद तक आवेदन कर सकता है।
स्कीम का उद्देश्य
“आशीर्वाद स्कीम” का उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने में सहायता देना है। इससे न केवल उन्हें आर्थिक राहत मिलती है, बल्कि सामाजिक स्तर पर सशक्तिकरण की दिशा में भी एक मजबूत कदम माना जा रहा है। पंजाब सरकार का यह प्रयास राज्य में सामाजिक न्याय और समानता की दिशा में एक बड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा है।