रेवाड़ी | हरियाणा के रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय रेलवे उत्तर-पश्चिम मंडल की ओर से एक नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा की शुरुआत की जा रही है, जो अजमेर के दौड़ाई से झारखंड के गोड्डा के बीच चलेगी। यह ट्रेन सेवा 26 जुलाई से शुरू की जा रही है।
यह एक्सप्रेस ट्रेन हर रविवार को दौड़ाई (अजमेर) से और हर मंगलवार को गोड्डा (झारखंड) से संचालित होगी। ट्रेन हरियाणा के गुरुग्राम, रेवाड़ी, अटेली और नारनौल स्टेशनों से होकर गुजरेगी, जिससे यात्रियों को डायरेक्ट और सुविधाजनक कनेक्टिविटी मिलेगी।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि गाड़ी संख्या 09604 की पहली स्पेशल रेल सेवा का संचालन 26 जुलाई को गोड्डा से किया जाएगा। यह ट्रेन शनिवार शाम 4 बजे गोड्डा से रवाना होकर सोमवार तड़के 1:30 बजे दौड़ाई पहुंचेगी। इस नई सेवा से हरियाणा के दक्षिणी जिलों के यात्रियों को पूर्वी भारत जाने के लिए एक नया और सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।