अमृतसर | पंजाब सरकार की ओर से चलाई जा रही ‘आटा-दाल योजना’ के तहत नीले कार्डधारकों को सस्ते राशन का लाभ मिल रहा है, लेकिन अब सरकार ने एक स्पष्ट शर्त रख दी है—अगर ई-केवाईसी नहीं करवाई, तो राशन नहीं मिलेगा!
सरकार का कहना है कि राशन वितरण अब सिर्फ उन्हीं पात्र लोगों को किया जाएगा, जिन्होंने समय रहते ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर ली है। हालांकि, योजना को शुरू हुए डेढ़ साल से अधिक हो चुका है, मगर अभी भी बड़ी संख्या में लाभार्थी पंजीकरण से दूर हैं।
सरकार तैयार, जनता लापरवाह?
जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी महिंदर अरोड़ा और कंट्रोलर अमनजीत सिंह संधू ने बताया कि विभाग की ओर से कई बार लोगों को जागरूक करने के प्रयास किए गए—डिपो स्तर पर सूचनाएं, सार्वजनिक घोषणाएं और मैन-टू-मैन संपर्क भी। बावजूद इसके, हजारों लोग अब भी रजिस्ट्रेशन से पीछे हैं।
कानूनी विशेषज्ञ भी मानते हैं कि यह जनता की लापरवाही है—लाभ तो चाहिए, लेकिन दस्तावेज पूरे करने को कोई तैयार नहीं।
अब और सख्ती होगी
डिपो होल्डरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे लाभार्थियों को ई-केवाईसी करवाने के लिए प्रेरित करें। वहीं, पूरे मिशन की जिम्मेदारी AFSO संदीप सिंह ‘सैंडी’ भुल्लर को सौंपी गई है, जिनसे उम्मीद की जा रही है कि वे इस कार्य को जल्द पूरा करेंगे।