नई दिल्ली | लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को पीएम मोदी पर सीधा हमला बोलते हुए उन्हें “महज एक शो” बताया। उन्होंने कहा कि वे कई बार मोदी से मिल चुके हैं और उन्हें देखकर यह महसूस हुआ कि “उनमें कोई दम नहीं है, सिर्फ मीडिया का बनाया गया गुब्बारा हैं।”
यह बयान उन्होंने कांग्रेस के ‘ओबीसी भागीदारी न्याय सम्मेलन’ में दिया। एक सवाल के जवाब में राहुल ने कहा, “नरेंद्र मोदी कोई बहुत बड़ी चुनौती नहीं हैं, सिर्फ प्रचार का हिस्सा हैं। मैं खुद कई बार उनसे मिल चुका हूं, कुछ खास नजर नहीं आया।”
‘जाति जनगणना न कराना मेरी गलती’: राहुल का कबूलनामा
कार्यक्रम में राहुल गांधी ने स्वीकार किया कि कांग्रेस की पिछली सरकारों के दौरान जाति जनगणना न कराना उनकी व्यक्तिगत गलती थी। उन्होंने कहा, “अब जब पीछे देखता हूं तो लगता है कि ओबीसी की आवाज़ और समस्याओं को हम ठीक से नहीं समझ पाए। वह समय हमारी चूक थी, लेकिन अब हम इसे सुधारेंगे।”
राहुल गांधी ने कहा कि जाति आधारित जनगणना देश की राजनीति में भूकंप लाने वाला मुद्दा है, जो समाज में गहराई तक असर करेगा।
’21वीं सदी का तेल है डेटा’: राहुल का तंज
अपने भाषण में राहुल गांधी ने डेटा को लेकर पीएम मोदी की बातों पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि पहले जिस देश के पास तेल होता था, वह शक्तिशाली माना जाता था, लेकिन आज के दौर में ‘डेटा ही असली ताकत है।’ उन्होंने इसे “21वीं सदी का तेल” बताया।