राजस्थान | राजस्थान के झालावाड़ जिले में शुक्रवार सुबह एक सरकारी स्कूल में दर्दनाक हादसा हो गया। पीपलोदी गांव स्थित स्कूल की छत अचानक ढहने से 7 बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे के वक्त बच्चे सुबह की प्रार्थना में शामिल थे। स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार गूंजने लगी।
PM मोदी ने जताया शोक, घायलों के लिए प्रार्थना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हृदयविदारक हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “यह घटना अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं प्रभावित छात्रों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रशासन हरसंभव मदद कर रहा है।”
CM भजनलाल शर्मा और शिक्षा मंत्री का बयान
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी घटना पर दुख जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों के इलाज में कोई कोताही न हो। वहीं, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब बच्चे प्रार्थना कर रहे थे। उन्होंने स्कूल की जर्जर हालत को देखते हुए पूरे मामले की गहन जांच के आदेश दे दिए हैं।
सरकारी स्कूलों की हालत पर उठे सवाल
इस हादसे ने राज्यभर के सरकारी स्कूलों की बिल्डिंगों की सुरक्षा और रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग और अभिभावक प्रशासन की लापरवाही को लेकर आक्रोशित हैं।
सरकार ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की घोषणा की है और कहा है कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।