Shimla, Sanju
हिमाचल प्रदेश सरकार ने आपदा प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में विशेष राहत पैकेज को मंजूरी दी गई। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने जानकारी दी कि इस राहत पैकेज के अंतर्गत मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने पर 7 लाख रुपये और आंशिक क्षति पर 1 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।
क्षतिग्रस्त मकानों, पशुधन और दुकानों को मिलेगी आर्थिक सहायता
इसके अलावा, पूरी तरह से क्षतिग्रस्त दुकानों के लिए 1 लाख रुपये का मुआवजा मिलेगा। पशुधन की हानि पर भी सरकार मदद देगी। गाय या भैंस की मौत पर 55 हजार रुपये और पशुघर के निर्माण हेतु 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। साथ ही, सिल्ट से प्रभावित मकानों की सफाई के लिए भी 50 हजार रुपये की मदद मिलेगी।राजस्व मंत्री ने बताया कि कांग्रेस सरकार राहत मैन्युअल के तहत पारदर्शी तरीके से प्रभावितों को सहायता दे रही है। यह विशेष पैकेज केवल आपदा प्रभावित क्षेत्रों में लागू होगा।