बीजिंग | चीन की राजधानी बीजिंग में भारी बारिश और बाढ़ ने तबाही मचा दी है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, अब तक इन घटनाओं में 30 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कुल मृतकों की संख्या बढ़कर कम से कम 34 हो गई है। सरकारी मीडिया के अनुसार, सबसे अधिक नुकसान बीजिंग के मियुन और यानकिंग जिलों में हुआ है, जहां सोमवार आधी रात तक 28 और 2 लोगों की मौत की पुष्टि हुई।
भारी बारिश के कारण इन इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए, जिससे हजारों लोगों को अपना घर छोड़ना पड़ा। बीजिंग में 80,000 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, जिनमें मियुन जिले के लगभग 17,000 लोग शामिल हैं। स्थानीय प्रशासन ने रातभर चले राहत और बचाव कार्य के बाद लोगों को अस्थायी शिविरों में पहुंचाया।
इसी बीच, बीजिंग से सटे हेबेई प्रांत के लुआनपिंग काउंटी में भूस्खलन के कारण चार लोगों की मौत हो गई है, जबकि आठ लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। खोज और बचाव अभियान जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हालात बेहद गंभीर हैं। संचार व्यवस्था बाधित हो चुकी है और लोग अपने परिवारों से संपर्क नहीं कर पा रहे हैं। बीजिंग न्यूज से बात करते हुए एक निवासी ने बताया, “हम अपने रिश्तेदारों से कोई संपर्क नहीं कर पा रहे। कई इलाकों में बिजली और नेटवर्क दोनों ठप हो चुके हैं।”
जल संसाधन मंत्रालय ने जानकारी दी है कि मियुन जिले के एक जलाशय से पानी छोड़ना पड़ा, क्योंकि यह 1959 में बने इस जलाशय का अब तक का सबसे ऊंचा जल स्तर था। सरकार ने आपदा प्रबंधन बलों को सतर्क कर दिया है और राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी है।