29 July, 2025
टीवी की दुनिया का सबसे लंबा चलने वाला सिटकॉम ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ 17 साल का हो गया है। इस खास मौके पर शो की पूरी टीम और मेकर्स ने मिलकर जश्न मनाया। जश्न के दौरान कास्ट के फैमिली मेंबर्स भी मौजूद थे और सभी का जोश देखने लायक था।
इवेंट में शो के पुराने और नए कलाकारों की झलक देखने को मिली। मुनमुन दत्ता, दिलीप जोशी, असित मोदी, श्याम पाठक और तनुज महाशब्दे जैसे सितारे पहली कतार में नजर आए। वहीं, मेहता साहब का किरदार निभा रहे सचिन श्रॉफ पिछली सीट पर दिखे।
बता दें कि सचिन श्रॉफ ने शो में तारक मेहता का किरदार कुछ समय पहले निभाना शुरू किया था। इससे पहले यह रोल शैलेश लोढ़ा निभा रहे थे, जिन्होंने बाद में शो को अलविदा कह दिया।
मीडिया से बातचीत के दौरान सभी एक्टर्स ने शो से जुड़ी यादें साझा कीं। जब मुनमुन दत्ता से उनकी खास याद पूछी गई, तो उन्होंने कहा, “मेरे लिए तब खास पल होगा जब शो में दुर्गा पूजा दिखाई जाएगी। अब तक ऐसा नहीं हुआ है। हम नवरात्रि में गरबा तो करते हैं, लेकिन दुर्गा पूजा की कमी महसूस होती है। उम्मीद है आगे ऐसा मौका जरूर आएगा।”
शो की टीम ने इस सफर को यादगार बताया और दर्शकों को इतने सालों तक प्यार देने के लिए धन्यवाद कहा।