हांसी | हांसी में मंगलवार को नगर योजनाकार विभाग (डीटीपी) ने अवैध रूप से बसाई जा रही कॉलोनियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। डीटीपी दिनेश कुमार ने टीम के साथ हाईवे के पास और कृष्णा एनक्लेव के सामने बन रही कॉलोनियों में “गैरकानूनी कॉलोनी” के चेतावनी बोर्ड लगवाए और लोगों को प्लॉट खरीदने से पहले सावधानी बरतने की अपील की।
डीटीपी ने स्पष्ट किया कि बिना लाइसेंस और अनुमति के बसाई जा रही कॉलोनियों में प्लॉट खरीदना भविष्य में कानूनी मुसीबतों में डाल सकता है। दिनेश कुमार ने कहा, “जीवनभर की पूंजी मिट्टी में न मिलाएं, खरीद से पहले कॉलोनी की वैधता जांचें।”
उन्होंने यह भी बताया कि कुछ लोग गोकुलधाम जैसी वैध कॉलोनी के नाम पर नकली कॉलोनी काट रहे हैं। ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
जल्द ही अनुमोदित कॉलोनियों की सूची तहसील कार्यालय में सार्वजनिक की जाएगी ताकि लोग धोखा न खाएं। डीटीपी ने दो टूक कहा कि अवैध निर्माण और कॉलोनी काटने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। अभियान आगे भी जारी रहेगा।