चंडीगढ़ | पंजाब सरकार ने ऐतिहासिक फैसला लेते हुए 31 जुलाई को शहीद ऊधम सिंह के बलिदान दिवस पर हर साल राजकीय अवकाश घोषित कर दिया है। कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के पंजाब अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने इसकी घोषणा करते हुए बताया कि यह फैसला शहीद की विरासत को सम्मान देने और लंबे समय से कम्बोज समाज की मांग को स्वीकारते हुए लिया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अरोड़ा ने बताया कि राज्य सरकार ने भवानीगढ़-सुनाम-भीखी-कोटशमीर रोड का नाम अब ‘शहीद ऊधम सिंह मार्ग’ करने का निर्णय भी लिया है। शहीद के सम्मान में उनके जन्मस्थान सुनाम में 31 जुलाई को एक राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत मान शामिल होंगे। दोनों नेता इस दिन शहीद ऊधम सिंह के नाम पर सड़क के नए नामकरण का औपचारिक ऐलान करेंगे।