यमुनानगर | हरियाणा के यमुनानगर जिले के धर्मकोट गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां 13 वर्षीय तनिष्क की जान बिजली विभाग की लापरवाही की भेंट चढ़ गई। स्कूल से लौटने के बाद तनिष्क अपने दोस्तों के साथ खेलने गया था, लेकिन एक पतंग की डोर ने उसे हमेशा के लिए घर से दूर कर दिया।
गांव की छत के पास से गुजर रही 11,000 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन पर पतंग की डोर फंसी हुई थी। जब बच्चों ने डोर को निकालने की कोशिश की, तभी तनिष्क को करंट लग गया। दो अन्य बच्चे तो किसी तरह बच निकले, लेकिन तनिष्क बुरी तरह झुलस गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
“मेरा इकलौता बेटा था…” – टूट गया परिवार
हादसे के बाद तनिष्क के माता-पिता और दादा सदमे में हैं। पिता ने कहा, “वह स्कूल से लौटा था, खेलने चला गया… और फिर कभी वापस नहीं आया। वह मेरा इकलौता बेटा था।” गांव का माहौल शोक में डूबा है।
गांव के सरपंच कुलवंत सिंह ने बताया कि हाईटेंशन लाइन की समस्या को लेकर कई बार बिजली विभाग को शिकायतें दी गईं, लेकिन विभाग ने कभी गंभीरता से नहीं लिया। अगर समय रहते कार्रवाई होती, तो शायद आज तनिष्क जिंदा होता।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कुलदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। फिलहाल परिवार ने कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी है।