कुल्लू | हिमाचल में जिला कुल्लू की पार्वती घाटी में मलाणा-I हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट द्वारा बनाया गया अस्थायी कॉफर डैम भारी बारिश और फ्लैश फ्लड की चपेट में आकर आंशिक रूप से टूट गया। इससे निर्माण स्थल पर खड़ी एक हाइड्रा, एक डंपर, एक रॉक ब्रेकर और एक कैंपर/कार पानी में बह गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।
डीपीसीआर (जिला आपदा नियंत्रण कक्ष) से मिली जानकारी के अनुसार, लगातार बारिश के चलते पार्वती नदी और इससे जुड़े नालों में जलस्तर अचानक बढ़ गया, जिससे फ्लैश फ्लड की स्थिति बन गई। कॉफर डैम पर बने निर्माण कार्यस्थल में पानी घुस आया और भारी मलबे के साथ मशीनरी को बहा ले गया।
फिलहाल जिले के अधिकतर क्षेत्रों में बारिश लगातार जारी है। हालांकि अभी तक किसी बड़ी अनहोनी की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन ने नदी-नालों के किनारे रहने वालों को चेतावनी जारी कर दी गई है कि वे सुरक्षित दूरी बनाकर रखें।