गुड़गांव | केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें हर चुनाव में धांधली ही नजर आती है—चाहे 2019 हो या 2024, और शायद 2029 में भी वही राग अलापेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार में वोटर वेरिफिकेशन से कांग्रेस को तकलीफ हो रही है, क्योंकि वह फर्जी वोटों के सहारे ही राजनीति करती है।
गुड़गांव में मातृ वन अभियान कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में मनोहर लाल ने राहुल गांधी से सवाल किया कि अगर चुनाव में गड़बड़ी के सबूत हैं तो वे चुनाव आयोग क्यों नहीं जाते? आयोग में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तय है।
जंगल सफारी और मेट्रो प्रोजेक्ट का निरीक्षण
उन्होंने बताया कि गुड़गांव में प्रस्तावित जंगल सफारी पर्यावरण संतुलन और पर्यटन दोनों के लिए महत्वपूर्ण है। इसके लिए केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के साथ साइट का निरीक्षण भी किया गया।
गुड़गांव की जलभराव समस्या पर बोले मनोहर लाल
मनोहर लाल ने कहा कि गुड़गांव में बरसात के कारण जलभराव कोई नया मुद्दा नहीं है। यहां ड्रेनेज सिस्टम योजनाबद्ध तरीके से नहीं बना, लेकिन अब सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि एक-दो घंटे में पानी निकल जाता है तो यह संकेत है कि व्यवस्था बेहतर हो रही है।
मेट्रो और ट्रांसपोर्ट सिस्टम में तेजी से काम
केद्रीय मंत्री ने बताया कि गुड़गांव मेट्रो विस्तार परियोजना का काम शुरू हो चुका है। साथ ही रैपिड रेल और सिटी बस सेवाओं को भी मजबूती दी जा रही है ताकि शहर की यातायात व्यवस्था में सुधार हो सके।