Mandi, 3 August
राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने शनिवार को मंडी जिले के सिराज विधानसभा क्षेत्र के थुनाग, बख्शयाड़ और जंजैहली के आपदा प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें राहत सामग्री सौंपी और भरोसा दिलाया कि हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
थुनाग में प्रभावित लोगों से बातचीत करते हुए राज्यपाल ने बताया कि यह उपमंडल आपदा से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है, जहां निजी संपत्ति, भूमि और पशुधन को भारी क्षति पहुँची है। उन्होंने कहा कि तीन करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि के मामलों को अंतिम स्वीकृति मिल चुकी है।
राज्यपाल ने कहा, “जो नुकसान हुआ है, उसकी पूरी भरपाई संभव नहीं, लेकिन सरकार और प्रशासन हर स्तर पर मदद करेगा। भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए अतिरिक्त प्रबंधों और सर्वोच्च न्यायालय के पर्यावरण संरक्षण निर्देशों पर गंभीरता से विचार जरूरी है।”इसके बाद शुक्ल ने बख्शयाड़ राहत शिविर, थुनाग के विश्राम गृह, पंचायत घर पखरेड़ और जंजैहली में जाकर हालात का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि राजभवन से पहले भी पांच वाहन राहत सामग्री मंडी और एक वाहन कुल्लू भेजा जा चुका है, और आवश्यकता पड़ने पर और मदद भेजी जाएगी।
दौरे के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों की आजीविका के साधन खत्म हो चुके हैं और वे अस्थायी आश्रयों में जीवन यापन कर रहे हैं। पुनर्वास एक बड़ी चुनौती है, जिसके लिए सभी को मिलकर योगदान देना होगा।स्थानीय लोगों ने राज्यपाल के समक्ष अपनी समस्याएं और आपदा से जुड़े अनुभव साझा किए। इस मौके पर राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा, उपायुक्त अपूर्व देवगन, एएसपी सचिन हीरेमठ और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।