Mandi, Dharamveer
मंडी जिले के पंडोह और आसपास के क्षेत्रों में बीती रात हुई भारी बारिश ने लोगों की नींद उड़ा दी। लोअर 9 मील स्थित जागर नाले का जलस्तर अचानक बढ़ गया और तेज बहाव के साथ बड़े-बड़े पत्थर नेशनल हाइवे पर आ गए। इसके चलते हाईवे यातायात के लिए रातभर बंद रहा।
पत्थरों के कारण हाइवे के नीचे बना पानी का कलवर्ट बंद हो गया, जिससे बहाव मुड़कर लोअर 9 मील की ओर चला गया और 13 घर खतरे की जद में आ गए। घबराए ग्रामीणों ने पूरी रात जागकर बिताई।स्थानीय निवासी सूरत राम ने बताया कि 2023 में आए मलबे के कारण नाले का बहाव बार-बार बदल रहा है, जिससे घरों को लगातार खतरा बना हुआ है। इस समस्या के बारे में एनएचएआई और संबंधित कंपनी को कई बार सूचित किया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नाले में मौजूद बड़े पत्थरों को तोड़कर बहाव को सही दिशा में किया जाए और पुलिया को पूरी तरह साफ किया जाए, ताकि पानी का प्रवाह अवरुद्ध न हो।