जबलपुर | मध्य प्रदेश के डुमना एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। इंडिगो एयरलाइंस का एक एयरबस विमान, जिसमें करीब 180 यात्रियों की क्षमता थी, लैंडिंग के बाद जब एप्रन की ओर ले जाया जा रहा था, तभी उसका एक टायर क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय सभी यात्री विमान से उतर चुके थे और किसी को चोट नहीं पहुंची।
सूत्रों के अनुसार, टायर में एक नुकीली धातु (संभावित कील) घुसने से यह घटना हुई। एयरपोर्ट प्रबंधन ने एहतियातन मौके के आसपास से लोगों को हटा दिया और मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है।
इंडिगो ने दी सफाई
एयरलाइन ने बयान जारी कर कहा है कि विमान में तकनीकी खराबी आई है, जिसकी मरम्मत के लिए दिल्ली से टेक्निकल टीम को बुलाया गया है। शाम करीब पांच बजे यह विमान मुंबई के लिए उड़ान भरने वाला था, लेकिन मरम्मत के कारण उड़ान में देरी संभव है।
विमान मरम्मत के बाद फिर रवाना होगा
फिलहाल इंजीनियरिंग टीम द्वारा विमान की जांच और मरम्मत का कार्य जारी है। उम्मीद की जा रही है कि एक घंटे में विमान को उड़ान के योग्य बना दिया जाएगा।
यह घटना एक बार फिर हवाई सुरक्षा प्रबंधन और विमान संचालन से जुड़े मानकों की गंभीरता को रेखांकित करती है।