ऑस्ट्रेलिया | ऑस्ट्रेलिया में पहली बार ऐसा मामला सामने आया है जब किसी चीन से जुड़े जासूसी नेटवर्क ने सीधे ऑस्ट्रेलियाई नागरिकों को निशाना बनाया हो। राजधानी कैनबरा में रहने वाली एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जो चीन के सरकारी सुरक्षा ब्यूरो के लिए गुप्त रूप से काम कर रही थी।
पुलिस के अनुसार, यह महिला एक बौद्ध संगठन गुआन यिन सिटा एसोसिएशन में सामान्य सदस्य बनकर शामिल हुई और धीरे-धीरे वहां के अनुयायियों, नेताओं और उनकी बैठकों, आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारियां एकत्रित कर चीन को भेजती रही। यह महिला लंबे समय से ऑस्ट्रेलिया में स्थायी निवास के रूप में रह रही थी और सामान्य जीवन जीती थी ताकि किसी को शक न हो।
ऑस्ट्रेलिया की सुरक्षा खुफिया एजेंसी ने पहले से उस पर नजर रखी हुई थी। जब पुख्ता सबूत हाथ लगे तो महिला को विदेशी हस्तक्षेप कानून के तहत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। अगर आरोप साबित होते हैं तो उसे लम्बी सजा हो सकती है।
ऑस्ट्रेलिया की खुफिया एजेंसी के प्रमुख ने इस मामले को देश की आज़ादी और लोकतंत्र पर सीधा हमला बताया और चेतावनी दी कि कोई भी देश यदि ऑस्ट्रेलिया के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करेगा तो उसे कड़ा जवाब मिलेगा। यह पहली बार है जब किसी विदेशी ताकत की इस तरह की गुप्त गतिविधियों को लेकर किसी नागरिक पर कार्रवाई की गई है।