4 August, 2025
सोमवार को मेकर्स ने ‘जटाधारा’ का फर्स्ट लुक पोस्टर रिलीज़ किया, जिसमें सुधीर बाबू और सोनाक्षी सिन्हा का अलौकिक अवतार नज़र आ रहा है। इंस्टाग्राम पर पोस्टर शेयर करते हुए मेकर्स ने लिखा, “इंतजार खत्म, गवाह बनिए पौराणिकता के शानदार विजुअल से भरी जटाधारा का! सुधीर बाबू, सोनाक्षी सिन्हा और भगवान शंकर की एक झलक स्क्रीन पर आग लगा रही है। प्रेरणा अरोड़ा इंडियन सिनेमा को फिर से परिभाषित करने जा रही हैं।”फिल्म का टीज़र 8 अगस्त को रिलीज़ होगा।
‘जटाधारा’ की कहानी मिथक और सच्चाई के बीच की जंग को दर्शाती है। पोस्टर में तूफानी माहौल में युद्ध के लिए तैयार सुधीर बाबू का किरदार दिखता है। अगले सीन में दसपिशाचिनी नज़र आती है — एक राक्षसी जो दबे खजाने की रक्षा करती है। इसका भयावह स्वरूप मुख नीचे और पैर ऊपर होने से और डरावना हो जाता है।
फिल्म को जी स्टूडियो और एसकेजी एंटरटेनमेंट ने प्रोड्यूस किया है। इसमें शानदार वीएफएक्स का इस्तेमाल होगा और म्यूजिक जी म्यूजिक कंपनी पर रिलीज़ किया जाएगा। इसे साल के अंत तक सिनेमाघरों में उतारने की योजना है। ‘रुस्तम’ के बाद यह प्रेरणा अरोड़ा और जी स्टूडियो की दूसरी फिल्म है। इससे पहले प्रेरणा ने पैडमैन, परी और बत्ती गुल मीटर चालू जैसी फिल्में बनाई हैं। मार्च में सोनाक्षी ने इसका दूसरा शेड्यूल पूरा होने की जानकारी सोशल मीडिया पर दी थी।