कुरुक्षेत्र | पंजाबी सिंगर हरभजन मान की कार शनिवार सुबह कुरुक्षेत्र के पीपली फ्लाईओवर पर हादसे का शिकार हो गई। जानकारी के मुताबिक, हरभजन मान दिल्ली में एक शो खत्म कर चंडीगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान दिल्ली-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे-44 पर पिपली फ्लाईओवर के पास उनकी कार के सामने अचानक एक गाय आ गई, जिसे बचाने के प्रयास में कार डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने कार में सवार सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। सौभाग्य से सिंगर हरभजन मान को कोई गंभीर चोट नहीं आई, हालांकि उनके साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी को मामूली चोटें लगी हैं। कार में सिंगर के अलावा ड्राइवर, एक सुरक्षाकर्मी और एक अन्य व्यक्ति सवार थे।
स्थानीय पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई है। फिलहाल सभी सुरक्षित हैं और उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया है। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति भी बनी रही।