नई दिल्ली | राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सांसदों ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत आतंक के खिलाफ लिए गए कड़े कदमों के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया। संसद भवन में आयोजित इस बैठक में भाजपा और सहयोगी दलों के नेताओं ने ‘भारत माता की जय’ के नारों के बीच प्रधानमंत्री की दृढ़ नेतृत्व क्षमता की सराहना की।
यह बैठक जून 2024 में तीसरी बार केंद्र की सत्ता में लौटने के बाद राजग की संसद के सत्र के दौरान दूसरी बड़ी बैठक थी। प्रधानमंत्री मोदी को विशेष रूप से 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में पाकिस्तान और पीओके स्थित आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई के लिए सम्मानित किया गया।
सरकारी सूत्रों का कहना है कि इस सैन्य कार्रवाई ने न केवल आतंकी मंसूबों को ध्वस्त किया, बल्कि पड़ोसी देश पाकिस्तान को भी घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत की गई कार्रवाई को सरकार आतंकवाद के खिलाफ एक निर्णायक मोड़ के रूप में देख रही है।