गुरुग्राम | यूपी के बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर रविवार देर शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें हरियाणा पुलिस के दो कर्मियों की जान चली गई। झज्जर जिले से संबंध रखने वाले 28 वर्षीय कॉन्स्टेबल अमित और 45 वर्षीय इंस्पेक्टर संजय कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो अन्य पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, सभी पुलिसकर्मी हरियाणा पुलिस की क्राइम ब्रांच, गुरुग्राम में तैनात थे और एक रेड के सिलसिले में उत्तर प्रदेश गए थे। वापसी के दौरान इनकी कार मिट्टी से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और दोनों पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गांव और मोहल्ले में शोक की लहर है। लोग लगातार मृतकों के घर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना देने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हर आंख नम है।
कॉन्स्टेबल अमित वर्ष 2018 में पुलिस में भर्ती हुए थे। उनके परिवार में पत्नी और दो छोटी बेटियां हैं। पिता खजान सिंह रेहड़ी लगाकर फल बेचते हैं। वहीं इंस्पेक्टर संजय 1998 में भर्ती होकर इस पद तक पहुंचे थे। उनके परिवार में तीन बेटे हैं—प्रमोद (वकालत का छात्र), मोहित (मेडिकल की पढ़ाई) और सबसे छोटा बेटा आयुष 9वीं कक्षा में पढ़ता है। संजय के पिता सिंचाई विभाग में बेलदार के पद पर कार्यरत हैं।
एक हादसे ने दो घरों की खुशियाँ छीन लीं और पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया है। पुलिस विभाग भी इस क्षति से स्तब्ध है।