फतेहाबाद | सोमवार देर रात फतेहाबाद जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया जब अज्ञात हमलावरों ने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय भजनलाल के भतीजे और पूर्व विधायक दुडाराम के भाई उग्रसेन की गाड़ी पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले के पीछे चुनावी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
घटना झलनिया-एमपी रोही रोड पर स्थित बोलू वाली डिग्गी के पास की है। जानकारी के अनुसार, उग्रसेन अपने ड्राइवर सुशील कुमार के साथ गांव एमपी रोही से फतेहाबाद शहर लौट रहे थे, तभी दो गाड़ियों में सवार 4-5 हमलावरों ने उनकी गाड़ी को रास्ते में घेर लिया। हमलावरों ने डंडों से गाड़ी पर जोरदार हमला किया। गनीमत रही कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए की तीन टीमें भी जांच में जुट गई हैं। पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।